योजनगंधा सत्यवती’ महाकाव्य का लोकार्पण
देहरादून, 18 नवम्बर, 2026, दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र, देहरादून में आज केंद्रीय विद्यालय संगठन, देहरादून संभाग के पूर्व उपायुक्त और साहित्यकार जगदीश मोहन रावत के महाकाव्य “योजनगंधा सत्यवती” का लोकार्पण किया गया। लोकार्पण मुख्य अतिथि डॉ. सुधारानी पांडेय (पूर्व कुलपति), प्रोफेसर रामविनय सिंह, डॉ. लालिमा वर्मा (पूर्व सहायक आयुक्त), डॉ. इन्द्रजीत सिंह और डॉ. सुरजीत सिंह, अध्यक्ष, अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण तथा श्रीमती वीणा रावत ने किया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में दून पुस्तकालय की ओर से केंद्र के कार्यक्रम अधिकारी चन्द्रशेखर तिवारी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और उनका परिचय दिया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ लेखक डॉ. इन्द्रजीत सिंह ने सफलता पूर्वक किया।
बतौर विशिष्ट वक्ता डॉ. लालिमा वर्मा ने कहा, “‘योजनगंधा सत्यवती’ श्री जगदीश मोहन रावत जी द्वारा रचित एक अनूठा प्रबंध काव्य है। अक्सर हम महाभारत की चर्चा करते समय श्रीकृष्ण, अर्जुन, भीष्म, पांडवों और कौरवों जैसे पात्रों पर ही अधिक ध्यान देते हैं, लेकिन महाभारत की कथा में अनेक ऐसे पात्र भी हैं जिनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। सत्यवती महाभारत की एक महत्वपूर्ण नारी पात्र हैं। उनके जीवन के संघर्ष, उनके योगदान को इस प्रबंध काव्य में बहुत सुंदर ढंग से चित्रित किया गया है। इस पुस्तक में सत्यवती के व्यक्तिगत संघर्षों को ही नहीं, बल्कि उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता, साहस और निर्णय लेने की क्षमता को भी दर्शाया गया है। विभिन्न छंदों में बद्ध यह प्रबंध काव्य एक उत्कृष्ट रचना है।”
शिक्षाविद और कवि डॉ. रामविनय सिंह ने कहा, “आधुनिक समय के टूटे-बिखरे भावों से भरे परिवेश में जहाँ रचनाधर्म भी कुछ पल ठहरने में असहज महसूस करता हो, एक सुदीर्घ सुस्थिर महाकाव्य का सृजन एक बड़ी साहित्यिक उपलब्धि है। महाभारतकालीन स्त्रीपात्र मत्स्यगंधा सत्यवती के समयचक्र और तत्कालीन समाज की विसंगतियों से उपजते प्रश्न आज भी मानव मन को कितनी अतृप्त उत्कंठा से भर जाते हैं, इसका जीवंत महाकाव्य है – ‘योजनगंधा सत्यवती’। भाषिक सौष्ठव, छान्दस् प्रावीण्य, भावात्मक सान्द्रता और अतीत को अधुनातन से जोड़ देने की काव्यकला के लिए कविवर जगदीश मोहन रावत जी निश्चय ही साधुवाद के पात्र हैं। महाकाव्य परंपरा में यह कवि की सशक्त उपस्थिति है।”
महाकाव्य के रचनाकार जगदीश मोहन रावत ने कहा, “इस महाकाव्य को लिखने की प्रेरणा जाने-माने शायर के एक शे’र से मिली –
जिस्म क्या है रूह तक सब कुछ खुला सा देखिये,
आप भी इस भीड़ में घुसकर तमाशा देखिये,
मत्स्यगंधा फिर कोई होगी किसी ऋषि का शिकार
दूर तक फैला हुआ गहरा कुहासा देखिये।
उन्होंने कहा, “‘योजनगंधा सत्यवती’ का यह प्रबंध काव्य उस स्त्री की कथा है, जिसने गंध को अपनी नियति बनाया – जिसने तिरस्कार की दुर्गंध को स्वीकार कर उसे गौरव की सुगंध में परिवर्तित किया और अंततः उसी सुगंध के विलय में अपना अस्तित्व खो दिया। यह कथा केवल एक रानी की नहीं, बल्कि उस स्त्री शक्ति की है जो सृजन और विनाश – दोनों की वाहक रही है।”
वक्ताओं ने कहा कि सत्यवती का चरित्र आज की स्त्री के लिए भी प्रेरणा है, जो प्रतिकूल परिस्थितियों में भी अपने आत्मबल, विवेक और दूरदर्शिता से अपना मार्ग स्वयं बनाती है। श्रोताओं ने करतल ध्वनि से रचनाकार का अभिनंदन किया।
इस कार्यक्रम में लेखक गंभीर सिंह पालनी, तापस चक्रवर्ती, पूर्व प्राचार्य रचना देव, रीता इन्द्रजीत सिंह, प्रशासनिक अधिकारी मीणा, सत्यप्रकाश शर्मा, डॉ. सुरेन्द्र सेमल्टी, एस. एस. सजवाण,नरेन्द्र सिंह, बीना बेंजवाल, डॉ. घनश्याम सिंह, बी.एस. सजवाण, डॉ. राजेश पाल, सुंदर सिंह बिष्ट, भारती आंनद, सुरेन्द्र सिंह, हरिमोहन मिश्रा, पीयूष निगम, डी.एम. लखेड़ा, कहकशां आदि साहित्यकार, शिक्षाविद और साहित्य प्रेमी मौजूद थे। सभी ने इस कृति को हिंदी महाकाव्य परंपरा में एक महत्वपूर्ण योगदान बताया।
दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र का उद्देश्य देहरादून को साहित्यिक आयोजनों और बौद्धिक विमर्श का केंद्र बनाना है। इसी उद्देश्य से यहां पुस्तक विमोचन, पुस्तकों पर चर्चा, कवि सम्मेलन, कहानी पाठ, बोली-भाषा और संस्कृति पर व्याख्यान, लोक संगीत, नाट्य प्रस्तुति और साहित्यकारों से संवाद जैसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते हैं। पुस्तकालय का प्रयास है कि लेखक, पाठक, शोधार्थी, शिक्षक और विद्यार्थी एक ही मंच पर आकर साहित्य, समाज, इतिहास और समकालीन मुद्दों पर खुलकर विमर्श करें। नए लेखकों को मंच देना, वरिष्ठ साहित्यकारों के अनुभवों को युवा पीढ़ी तक पहुंचाना और देहरादून में एक जीवंत साहित्यिक वातावरण बनाना पुस्तकालय की इस पहल का मूल भाव है।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों और उपस्थित साहित्य प्रेमियों ने रचनाकार जगदीश मोहन रावत को बधाई दी और आशा व्यक्त की कि ‘योजनगंधा सत्यवती’ हिंदी पाठकों के बीच महाभारत की उपेक्षित नारी-चेतना को नई दृष्टि से समझने का अवसर देगी।











