आईआईपीए उत्तराखंड चैप्टर की पब्लिक इंटरैक्श’न सीरीज का शुभारंभ

आईआईपीए उत्तराखंड चैप्टर की पब्लिक इंटरैक्श’न सीरीज का शुभारंभ

उत्तराखंड में लोकनीति, सुशासन, विधायी व्यवस्था और कानून-व्यवस्था के भविष्य पर हुआ विमर्श

देहरादून, 5 नवम्बर 2026। भारतीय लोक प्रशासन संस्थान (आईआईपीए), उत्तराखंड चैप्टर की ओर से दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र के सहयोग से आज दून पुस्तकालय में ‘पब्लिक इंटरैक्शन सीरीज’ के प्रथम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘उत्तराखंड में लोकनीति, सुशासन, विधायी व्यवस्था और कानून-व्यवस्था : आगे की राह’ था।

कार्यक्रम में राज्यसभा के पूर्व सदस्य श्री तरुण विजय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर पूर्व वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षाविदों, आईआईपीए के सदस्यों, वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों, शोधकर्ताओं, विद्यार्थियों तथा नागरिक समाज से जुड़े लोगों ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम में लोक प्रशासन, सुशासन और संस्थागत नेतृत्व के क्षेत्र में व्यापक अनुभव रखने वाले चार विशिष्ट वक्ताओं ने अपने विचार रखे।

उत्तराखंड के पूर्व मुख्य सचिव श्री एन. रविशंकर ने राज्य में सुशासन की चुनौतियों और संभावनाओं पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने आईआईपीए, उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए उत्तराखंड चैप्टर द्वारा गतिविधियों और इसे निरंतर जारी रखने की बात कही ।

पूर्व मुख्य सचिव एवं पूर्व मुख्य सूचना आयुक्त श्री एन.एस. नपलच्याल ने उत्तराखंड से संबंधित महत्वपूर्ण विधायी प्रावधानों पर प्रकाश डाला। वहीं, उत्तराखंड के पूर्व पुलिस महानिदेशक श्री अनिल रतूड़ी ने ‘कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन की विकास में भूमिका’ विषय पर अपना व्याख्यान दिया।

इन प्रस्तुतियों के उपरांत ‘उत्तराखंड में लोकनीति, सुशासन, विधायी व्यवस्था और कानून-व्यवस्था : आगे की राह’ विषय पर पैनल चर्चा आयोजित की गई। इसमें राज्य की विकास संबंधी प्राथमिकताओं, संस्थागत चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ। प्रस्तुतियों, पैनल चर्चा और जनसंवाद का समन्वय श्री अनिल रतूड़ी ने किया।

कार्यक्रम की एक महत्वपूर्ण विशेषता इसमें विद्यार्थियों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी रही। डीआईटी विश्वविद्यालय और दून विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों सहित विभिन्न संस्थानों से आए प्रतिभागियों ने वक्ताओं से प्रश्न पूछे और अपने विचार साझा किए। इस संवाद ने विद्यार्थियों, युवा शोधकर्ताओं और आम नागरिकों को अनुभवी प्रशासकों एवं विषय विशेषज्ञों के साथ सीधे विचार-विनिमय का अवसर प्रदान किया। इसका उद्देश्य उत्तराखंड के विकास और शासन से जुड़े विषयों पर जागरूक जनसंवाद को प्रोत्साहित करना तथा सार्वजनिक नीतियों के निर्माण में नागरिकों की भागीदारी को व्यापक बनाना था।

मुख्य अतिथि श्री तरुण विजय ने भी अपने संबोधन में विषय से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विचार रखे। उन्होंने अपने सम्बोधन में उत्तराखण्ड को उसके मूल पर्वतीय परिवेश के आधार पर विकसित किये जाने पर बल दिया. महिला केन्द्रित उच्च शिक्षा की पैरवी करते हुए उन्होनें नंदादेवी महिला विश्वविद्यालय की स्थापना जरूरत, नगरीकरण की वृद्धि, पर्यटन, बोली भाषा, पहाड़ो के कस्बों में तेजी से बढ़ रहे जनसांख्यिकीय परिवर्तन, पहाड़ में सेवा देने के प्रति सरकारी अधिकारियों व कर्मचारियों की अभिरुचि न होने की मंशा को पृथक पर्वतीय कैडर बनाये जाने जैसे कई मुद्दों पर प्रमुखता से अपनी बात रखी।

कार्यक्रम के संचालन व संयोजन में आईआईपीए उत्तराखंड चैप्टर के मानद सचिव श्री पंकज नैथानी की भूमिका रही। कार्यक्रम के आयोजन में दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र की प्रमुखता से भूमिका रही। पुस्तकालय के लाइब्रेरियन डॉ. डी.के. पांडेय, कार्यक्रम अधिकारी चन्द्रशेखर तिवारी इस अवसर भी रहे । केन्द्र के अन्य कर्मचारियों ने आयोजन के समन्वय और व्यवस्थाओं में सहयोग दिया।

उल्लेखनीय है कि पब्लिक इंटरैक्शन सीरीज को एक निरंतर चलने वाले संवाद मंच के रूप में विकसित करने की परिकल्पना की गई है। इसके माध्यम से नीति-निर्माताओं, प्रशासकों, शिक्षाविदों, विषय विशेषज्ञों, शोधकर्ताओं, विद्यार्थियों और नागरिकों को उत्तराखंड से जुड़े महत्वपूर्ण लोकनीति एवं सुशासन के मुद्दों पर विचार-विमर्श का अवसर मिलेगा। इस पहल का उद्देश्य रचनात्मक संवाद को बढ़ावा देना, व्यावहारिक सुझाव प्राप्त करना और जनभागीदारी के माध्यम से राज्य के विकास में सार्थक योगदान देना है।

कार्यक्रम के अवसर पर जयराज, लवलीना मोदी, मुख्य सूचना आयुक्त उत्तराखण्ड,राधा रतूड़ी, रत्ना मनूचा, प्रकाश नागिया, समीर सिन्हा, रानू विष्ट,एन.एस. रावत, कृपा शंकर नौटियाल,बी.एस. रावत, एस.के. गुप्ता, डॉ. लालता प्रसाद, जे.पी. चमोला, दिनेश चन्द्र, सुरेन्द्र सजवाण, विधि शर्मा, शिवमोहन सिंह, आलोक सरीन, जय भगवान गोयल सुंदर सिंह बिष्ट व देवेन्द्र कांडपाल सहित आई. आई पी.ए. के तमाम सदस्य डीआईटी यूनिवर्सिटी व डीबीएस कॉलेज के छात्र व अध्यापक, शहर के प्रबुद्ध जन व अन्य युवा पाठक आदि शामिल रहे.