दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र में ओमप्रकाश वाल्मीकि स्मृति साहित्य सम्मान एवं गोष्ठी
देहरादून, 17 नवंबर, 2026। दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र के सभागार में साहित्य चेतना मंच, सहारनपुर तथा दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र, देहरादून और संवेदना के तत्वाधान में ‘सातवाँ ओमप्रकाश वाल्मीकि स्मृति साहित्य सम्मान समारोह एवं राष्ट्रीय विचार गोष्ठी’ का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र, के कार्यक्रम अधिकारी चंद्रशेखर तिवारी ने आगंतुकों का स्वागत किया तथा श्री समदर्शी बर्थवाल ने स्वागत वक्तव्य प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों एवं आगंतुकों का अभिनंदन किया। मंच के महासचिव श्याम निर्मोही एवं सचिव डॉ. रमन टाकिया ने साहित्य चेतना मंच के परिचय एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।
‘समकालीन दलित साहित्य की चुनौतियाँ और ओमप्रकाश वाल्मीकि का दृष्टिबोध’ विषय पर आयोजित राष्ट्रीय विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त करते हुए ओमप्रकाश वाल्मीकि हिंदी साहित्य में दलित चेतना के सशक्त हस्ताक्षर के रूप में प्रतिस्थापित करते हुए उनके साहित्य व विचारों का मूल्यांक किया । तथा मत व्यक्त किया कि उनके साहित्य ने दलित समाज की पीड़ा, संघर्ष और अस्मिता को मुखर अभिव्यक्ति प्रदान की है।
आज का यह आयोजन महज एक सम्मान समारोह नहीं, बल्कि दलित विमर्श की चेतना को व्यापक सामाजिक स्तर पर प्रसारित करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास रहा ।
विशिष्ट वक्ता प्रो. नामदेव ने अपने वक्तव्य में कहा कि- “ओमप्रकाश वाल्मीकि लेखन के साथ-साथ अभिनय के माध्यम से भी जातीय वैमनस्य और सत्ता संरचना में निहित भेदभाव को उजागर करते रहे। उनका रचनात्मक अवदान सामाजिक विषमता के विरुद्ध एक सशक्त हस्तक्षेप है।”
इस अवसर पर साहित्य चेतना मंच द्वारा सातवाँ ओमप्रकाश वाल्मीकि स्मृति साहित्य सम्मान-2026 सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा परिसर के हिंदी विभाग की सहायक आचार्य डॉ. माया गोला को प्रदान किया गया। साहित्य चेतना मंच के संरक्षक श्री मदनपाल तेश्वर एवं प्रो. राजेश पाल, अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र वाल्मीकि, महासचिव श्याम निर्मोही, सचिव डॉ. रमन टाकिया तथा संवेदना टीम के सदस्यों ने उन्हें प्रशस्ति-पत्र, शॉल, साहित्यिक उपहार एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
सम्मानित साहित्यकार डॉ. माया गोला ने संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि ओमप्रकाश वाल्मीकि का साहित्य समतामूलक समाज की स्थापना का आह्वान करता है। उनका लेखन केवल साहित्यिक अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का व्यापक आंदोलन था।
साहित्यकार श्री दिनेश जोशी ने अपने वक्तव्य में कहा कि-“ओमप्रकाश वाल्मीकि ने दलित साहित्य के माध्यम से समाज में चेतना जागृत करने का महत्त्वपूर्ण कार्य किया। यह चेतना समाज के प्रत्येक घर तक पहुँचनी चाहिए, तभी उनके साहित्यिक और वैचारिक सरोकारों की सार्थकता सिद्ध होगी।”
साहित्यकार डॉ. कनकलता ने -“ओमप्रकाश वाल्मीकि के जीवन-संघर्ष और उनके व्यक्तित्व के कुछ अनछुए पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए उनकी आत्मकथा ‘जूठन’ के विभिन्न प्रसंगों और सामाजिक संदर्भों को रेखांकित किया।”
कार्यक्रम के दौरान साहित्य चेतना मंच की रचनात्मक पहल ‘घर-घर ओमप्रकाश वाल्मीकि’ स्मारिका-2026 का वितरण व विमोचन किया गया। साथ ही डॉ. रमन टाकिया द्वारा संपादित आलोचनात्मक पुस्तक ‘राजेश पाल : रचना-दृष्टि और सरोकार’ का विमोचन भी किया गया।
इनके अतिरिक्त प्रो. महेंद्र बेनीवाल सहित अन्य वक्ताओं सहित अन्य लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए तथा ओमप्रकाश वाल्मीकि के साहित्यिक अवदान, सामाजिक प्रतिबद्धता और संघर्षशील व्यक्तित्व का स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
समारोह की अध्यक्षता करते हुए साहित्यकार श्री दिगंबर ने अपने अध्यक्षीय वक्तव्य में कहा कि-“साहित्य तब तक अधूरा है, जब तक वह समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की पीड़ा और संवेदनाओं की अभिव्यक्ति नहीं बनता। ओमप्रकाश वाल्मीकि का साहित्य इसी सामाजिक और बौद्धिक चेतना का सशक्त उदाहरण है।”
अंत में साहित्य चेतना मंच के अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र वाल्मीकि ने समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों, वक्ताओं, साहित्यकारों एवं सहयोगियों के प्रति हृदय की गहराइयों से आभार व्यक्त किया।
मंच के संरक्षक प्रो. राजेश पाल ने कार्यक्रम का कुशलतापूर्वक संचालन किया। इस अवसर पर पधारे अतिथियों का स्मृति-चिह्न एवं साहित्यिक उपहार भेंट कर अभिनंदन भी किया गया।
समारोह में गंभीर सिंह पालनी, डॉ. इन्द्र जीत सिंह, प्रेम साहिल, राजेश सकलानी, डॉ.के. एस. रन्धावा, लाल बहादुर, डॉ. दमयन्ती अरोड़ा, बी.एस. राक्त, प्रवीन भट्ट, रानू बिष्ट, डॉ. लालता प्रसाद, सुंदर बिष्ट, कांता डंगवाल, जे.पी. चमोला, ऊषा नौडियाल, राम भरत भारद्वाज, श्याम निर्मोही, जगदीश बाबला, मोहित चौधरी, संजीव घिल्डियाल सहित अनेक साहित्यकारों, शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं साहित्यप्रेमियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।











